
डोंगरगढ़। नगर पंचायत लाल बहादुर नगर में प्रधानमंत्री आवास (शहरी) 2.0 योजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें 140 पात्र हितग्राहियों को उनके पक्के मकान के निर्माण हेतु स्वीकृति आदेश पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर नगर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला, क्योंकि वर्षों से पक्के घर का सपना देख रहे गरीब परिवारों के लिए यह एक बड़ी सौगात साबित हो रही है।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि प्रत्येक हितग्राही को मकान निर्माण के लिए 2 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को सुरक्षित और स्थायी आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। शासन की इस पहल से न केवल लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा, बल्कि शहर के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष देवेन्द्र साहु ने कहा कि नगर के सभी पात्र हितग्राहियों को चरणबद्ध तरीके से योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोई भी पात्र परिवार इस योजना से वंचित नहीं रहेगा और सभी को पक्का मकान उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह योजना समाज के कमजोर वर्ग के लिए सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्रदान कर रही है।
इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में गरीबों के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रयासों से नगरीय क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी , सभापति सहित नगर पंचायत के पार्षद भी उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में आवास योजना के हितग्राही और नगरवासी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में हितग्राहियों ने शासन और नगर पंचायत के प्रति आभार जताया और विश्वास व्यक्त किया कि जल्द ही उनका पक्का मकान बनकर तैयार होगा, जिससे उनके जीवन में स्थिरता और सुरक्षा का नया अध्याय शुरू होगा।





