
गंडई
दिनांक: 18 अप्रैल 2026
जिले के गंडई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 2 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 अप्रैल 2026 को गंडई थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुम्हारपारा, वार्ड क्रमांक 10 निवासी मंगल तिवारी (36 वर्ष) टावर के पास अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में गांजा छिपाकर बिक्री करने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को टीवीएस एक्सएल 100 (क्रमांक CG 08 BE 3339) वाहन में बैठे पाया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम मंगल तिवारी बताया। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब उसकी तलाशी ली, तो मोटरसाइकिल की डिक्की से लाल-पीले कपड़े के थैले में रखा लगभग 2 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
बरामद मादक पदार्थ की मौके पर ही एनडीपीएस किट के माध्यम से जांच की गई, जिसमें गांजा होना पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने विधिवत पंचनामा कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से गांजा (लगभग ₹20,000) तथा मोटरसाइकिल (लगभग ₹10,000) सहित कुल ₹30,000 की संपत्ति जब्त कर ली।
पुलिस ने आरोपी मंगल तिवारी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
गंडई पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अवैध धंधों पर लगातार नकेल कसी जाएगी, जिससे समाज में नशे के दुष्प्रभाव को रोका जा सके।





