
पण्डरिया- एससीईआरटी के निर्देशन में प्राथमिक शिक्षकों हेतु नवीन पाठ्य-पुस्तक पर आधारित पाँच दिवसीय एफएलएन (Foundational Literacy and Numeracy) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 5 जनवरी 2026 से 9 जनवरी 2026 तक जोन कुई में किया गया। इस प्रशिक्षण कुई जोन के कार्यक्रम में 12 संकुलों के कुल 130 प्राथमिक शिक्षक सहभागी बने।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता को सुदृढ़ करना तथा नवीन पाठ्य-पुस्तकों के अनुरूप शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को भाषा, गणित, पर्यावरण, कला, योग शिक्षा एवं अंग्रेजी विषयों से संबंधित नवीन पाठ्य-सामग्री, गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल-खेल में सीखने, स्तरानुसार शिक्षण तथा मूल्यांकन की आधुनिक विधियों की जानकारी प्रदान की गई।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम डाईट प्राचार्य टी. आर. साहू, एफएलएन प्रभारी रामकुमार पाण्डेय विकास खंड शिक्षा अधिकारी श्री एम. के. गुप्ता, बीआरसी श्री राममुरारी यादव एवं जोन प्रभारी श्री सभाजीत सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान एबीईओ श्री कैलाश साहू, विकास खंड शिक्षा अधिकारी श्री एम. के. गुप्ता, बीआरसी श्री राममुरारी यादव, संकुल प्राचार्य राजेश ध्रुव तथा एससीईआरटी एफएलएन कोर ग्रुप से श्री सुमित पाण्डेय द्वारा आकस्मिक निरीक्षण कर प्रशिक्षण की मॉनिटरिंग की गई।
सत्रों में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों देवलाल साहू, लक्ष्मण बांधेकर, शिवकुमार बंजारे एवं विक्रम जांगड़े द्वारा कक्षा-कक्ष में व्यवहारिक प्रयोग, शिक्षण सहायक सामग्री, जादुई पिटारा के उपयोग, नवीन पाठ्य-पुस्तक में पाठ्य-पुस्तक, अभ्यास पुस्तिका, शिक्षक संदर्शिका का सामंजस्य, बच्चों का समग्र विकास मुल्यांकन तथा बच्चों की सीखने की कठिनाइयों को पहचानकर उनके समाधान के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों ने समूह कार्य, प्रस्तुति एवं अनुभव साझा कर प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावी एवं उपयोगी बनाया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर प्रतिभागी शिक्षकों ने कार्यक्रम को अत्यंत लाभदायक बताते हुए प्राप्त ज्ञान को विद्यालय स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।





