
कवर्धा । शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पंडरिया में शनिवार को सरस्वती सायकल योजना के तहत छात्राओं को सायकल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को दिशा देती है, और यह सायकल मात्र परिवहन का साधन नहीं बल्कि आत्मनिर्भरता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए वक्ताओं ने छात्राओं से संवाद भी किया तथा अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि सायकल मिलने से दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों के लिए विद्यालय पहुँचना आसान होगा, जिससे उनकी शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी।
वक्ताओं ने कहा कि सरस्वती सायकल योजना प्रदेश में बेटियों को शिक्षा से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। इससे न केवल सुविधाएं बढ़ी हैं, बल्कि छात्राओं में आत्मविश्वास, साहस और आगे बढ़ने की भावना भी मजबूत हुई है। बेटियों को शिक्षित, सक्षम और सशक्त बनाना सरकार का लक्ष्य है और इसके लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
कार्यक्रम में नगर पालिका पंडरिया की अध्यक्ष सहित , वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता, स्कूल प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।





