
कबीरधाम (सहसपुर लोहारा): बे मौसम की मानसून में रुक-रुक कर हो रही बारिश और बदलते मौसम का कहर लगातार जारी है। सुबह तेज धूप और दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव से कई जगहों पर जन-धन की हानि हो रही है। गुरुवार शाम करीब 4 बजे कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पिपरटोला में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इस घटना में एक किसान की दो बैल और एक गाय की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना इतनी भयावह थी कि मौके पर मौजूद ग्रामीण स्तब्ध रह गए। मृत मवेशियों के मालिक किसान का रो-रोकर बुरा हाल है। खेतिहर सीजन शुरू होने से पहले बैलों की यह हानि किसान के लिए गहरा आघात है, क्योंकि बैल उसकी खेती-बाड़ी का मुख्य सहारा थे।
जिले में आकाशीय बिजली से दूसरी बड़ी घटना
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक दंपति की मौत हो गई थी, जिससे उनका पूरा परिवार शोक और संकट में डूब गया। ग्राम पिपरटोला की यह ताज़ा घटना जिले में इस तरह की दूसरी बड़ी दुर्घटना है, जिसमें प्री-मानसून की गतिविधियों के चलते दो गांवों में जानें जा चुकी हैं।
प्राकृतिक आपदा की इन घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में दहशत और चिंता का माहौल बना दिया है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए और ग्रामीणों को सुरक्षित रहने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ।





