
नगरी में आयोजित किया गया विकासखण्ड स्तरीय युवा उत्सव
धमतरी 06 दिसम्बर 2024/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा विकासखण्ड स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज नगरी विकासखण्ड के पीएमश्री श्रृंगी ऋषि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विकासखंड स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि विधायक सिहावा श्रीमती अंबिका मरकाम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि युवा उत्सव का अर्थ युवाओं की प्रतिभाओं को उजागर करना है। युवाओं को केवल पढ़ाई ही नहीं बल्कि किसी न किसी कलाओं में पारंगत होना चाहिए, इसके लिए हमें स्वयं का मूल्यांकन करना चाहिए। साथ ही दूसरों की बातों को ध्यान न देते हुए स्वयं की निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि करना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व विधायक श्री श्रवण मरकाम ने युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए कहा कि युवा अगर अपने देश के बारे में सोचना प्रारंभ कर दें, तो उस देश को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। इस युवा उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत लोक नृत्य एकल एवं सामूहिक, लोकगीत एकल एवं सामूहिक, कविता लेखन, कहानी लेखन, चित्रकला, तात्कालिक भाषण, विज्ञान प्रदर्शनी एकल एवं सामूहिक, कृषि उत्पाद, हस्तशिल्प इत्यादि 12 विधाओं से प्रतिभागियों का चयन किया गया। विजेता प्रतिभागी जिला स्तरीय युवा उत्सव में अपनी सहभागिता देंगे। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
2.समाचार
अग्निवीर सेना भर्ती रैली 12 दिसम्बर तक रायगढ़ में
धमतरी जिले के अग्निवीर जनरल ड्यूटी पद के लिए 9 दिसम्बर और अग्निवीर टेक्नीकल, क्लर्क, ट्रेडमेन पदों के लिए 11 दिसम्बर को शारीरिक दक्षता परीक्षा निर्धारित
जिला प्रशासन रायगढ़ द्वारा धमतरी जिले के अभ्यर्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई
धमतरी 06 दिसम्बर 2024/ अग्निवीर भर्ती के लिए सेना भर्ती कार्यालय रायपुर द्वारा 4 से 12 दिसम्बर तक रायगढ़ स्थित स्टेडियम में भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। उप संचालक, जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र धमतरी श्रीमती पुष्पा चौधरी ने बताया कि अग्निवीर (थलसेना) लिखित परीक्षा उत्तीर्ण आवेदकों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। धमतरी जिले के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी पद के लिए 9 दिसम्बर और अग्निवीर टेक्नीकल, क्लर्क, ट्रेडमेन पदों के लिए 11 दिसम्बर को शारीरिक दक्षता परीक्षा निर्धारित है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन रायगढ़ द्वारा धमतरी जिले के अभ्यर्थियों के लिए केवड़ा बाड़ी मंगल भवन (मो.नं. 91311-14182), रैन बसेरा केवड़ा बाड़ी बस स्टैण्ड नया/पुराना (मो.नं. 79996-21447) और बेलादुला खर्राघाट मंगल भवन (मो.नं. 73893-98153) में निःशुल्क ठहरने की व्यवस्था की गई।
3.समाचार
छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधानसभा का चतुर्थ सत्र 16 से 20 दिसम्बर तक
कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने किया नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त
धमतरी 06 दिसम्बर 2024/ छत्तीसगढ़ की षष्ठम् विधानसभा का चतुर्थ सत्र आगामी 16 दिसम्बर से शुरू होकर 20 दिसम्बर तक चलेगा। इस सत्र में कुल चार बैठकें होंगी, जिसमें प्राप्त होने वाले विधानसभा प्रश्न, ध्यानाकर्षण, शून्यकाल सूचना, अशासकीय संकल्प इत्यादि के त्वरित निराकरण के लिए कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी ने अपर कलेक्टर श्री जी.आर.मरकाम को नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री बी.एस.मरकाम को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
4.सफलता की कहानी
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से मिल रही है नए जीवन की उम्मीद
योजना से दोनर के कुबेर चन्द्राकर का हो रहा है कैंसर का निःशुल्क इलाज
धमतरी 06 दिसम्बर 2024/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राज्य के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत जरूरतमंद लोगों के लिए आर्थिक सहायता की स्वीकृति दे रहे हैं। गंभीर तथा दुर्लभ बीमारियों के इलाज में होने वाले खर्च से बचाने के लिए संजीवनी सहायता कोष का विस्तार करते हुये मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना संचालित की जा रही है। इस योजना से प्रदेश के नागरिक लाभान्वित हो रहे है।
इसी योजना के अंतर्गत धमतरी जिले के ग्राम दोनर के श्री कुबेर कुमार चन्द्राकर का निःशुल्क कैंसर का इलाज चल रहा है। श्री चन्द्राकर ने बताया कि वह इस गंभीर बीमारी का इलाज नहीं करा पा रहा था। एक तरह से उन्होंने जीने की उम्मीद छोड़ दी थी। शुरुआती दौर में उन्होंने आयुष्मान कार्ड योजना से प्राप्त राशि से अपना इलाज कराया। लेकिन उन्हें कैंसर की बीमारी के इलाज के लिए और भी अधिक राशि की आवश्यकता थी। फिर उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली। जिस पर उन्होंने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया और जून 2024 में सहायता राशि स्वीकृत हुई। वर्तमान मे योजना के अंतर्गत उनका इलाज भिलाई के मित्तल हॉस्पिटल में निःशुल्क किया जा रहा है। श्री चन्द्राकर ने बताया कि उनके कैंसर के इलाज के लिए समय-समय में कीमोथेरेपी किया जा रहा है, साथ ही अन्य दवाईयां भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि उन्हें मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना का लाभ नहीं मिल पाता तो शायद ही वह अपनी इस गंभीर बीमारी का इलाज करा पाते। श्री कुबेर चन्द्राकर ने उनके जीवन में आए इस कठिन समय में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उन्हें इस योजना के माध्यम से सहयोग प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत चिन्हित दुर्लभ बीमारियों के ईलाज के लिए राज्य के पात्र परिवारों को अधिकतम 25 लाख रूपए तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा प्रदान की जा रही है। छत्तीसगढ़ ऐसा पहला राज्य है, जो इतनी बड़ी राशि राज्य के नागरिकों के इलाज हेतु प्रदान कर रही है, जिससे नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं तथा स्वस्थ और बेहतर छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा रहा है।
5.





