
आश्रम छात्रावासों में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया जाए-कलेक्टर श्री पी.एस. एल्मा
बच्चों के शिक्षा स्तर को बेहतर करने विभाग के निचले स्तर पर भी सतत् की जाए समीक्षा
धमतरी, 22 सितम्बर 2022/ आदिवासी विकास विभाग द्वारा ज़िले में संचालित 58 आश्रम-छात्रावासों में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देने कलेक्टर श्री पी.एस. एल्मा ने निर्देश दिए। उन्होंने साथ ही विभागीय अमले को इन संस्थाओं में अध्ययनरत बच्चों के शिक्षा स्तर को बेहतर करने विभाग के निचले स्तर पर नियमित समीक्षा करने पर विशेष बल दिया है, ताकि दूर दराज से यहां पढ़ने आए बच्चों का शिक्षण अधिगम को ऊंचा उठाया जा सके। सुबह 11 बजे से आहूत आदिवासी विकास के ज़िला स्तरीय निगरानी/परामर्शदात्री समिति की बैठक लेते हुए कलेक्टर ने अधीक्षकों को अपने दायित्व को समझते हुए गंभीरता से उसका निर्वहन करने कहा। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने कहा कि इन संस्थाओं में रहने वाले बच्चों की तय दैनिक समय सारिणी का सही तरीके से पालन सभी अधीक्षक सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने छात्रावास-आश्रम की नियमित साफ-सफाई, बच्चों की व्यक्तिगत साफ-सफाई पर बल दिया। साथ ही उनके भोजन, खेलकूद की गतिविधियों, स्वास्थ्य, सुरक्षा सब का ध्यान रखने कहा। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को ऐसे 15 संस्था, जहां बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सक नियुक्त नहीं किए गए हैं, वहां जल्द उनकी ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी आश्रम-छात्रावासों में बच्चों का नेत्र और ब्लड ग्रुप जांच कराने भी कहा, जिससे उनका स्वास्थ्य कार्ड अद्यतन रहे और बच्चों को स्वास्थ्य सुविधा देने में सहूलियत हो।
बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास डॉ. रेशमा खान ने बताया कि 58 में से 35 बालक और 23 कन्या छात्रावास-आश्रम हैं। इन संस्थाओं में मूलभूत सुविधाओं की जानकारी भी बैठक में दी गई। बताया गया सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 23 कन्या छात्रावास-आश्रमों सहित कन्या शिक्षा परिसर दुगली और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह, कुल 25 में सी.सी.टी.वी. कैमरा लगाए गए हैं। इस मौके पर कलेक्टर ने सभी संस्थाओं में गठित निगरानी समिति की नियमित बैठकें रखने कहा, जिससे संस्था स्तर पर आ रही समस्या का हल निकाला जा सके।
इससे पहले छात्रावास/आश्रम चयन समिति की बैठक लेते हुए कलेक्टर श्री एल्मा ने आदिवासी विकास विभाग के आश्रम-छात्रावासों में स्वीकृत सीट के विरुद्ध मिले आवेदन और रिक्त सीट की जानकारी ली। बताया गया कि 58 आश्रम छात्रावासों में कुल 3045 स्वीकृत सीट के विरुद्ध 2133 सीट में बच्चों को प्रवेश दिया गया है और 912 सीट रिक्त हैं। जिन जगहों पर सीट रिक्त है, उनमें समायोजन करते हुए संस्थाओं में बच्चों को प्रवेश दिलाया जाना प्रस्तावित है। बैठक में इस प्रस्ताव का सर्व सम्मति से अनुमोदन किया गया। कलेक्टर ने सुनिश्चित करने कहा कि कहीं भी सीट खाली ना रहे, अतः जो बच्चे प्रवेश लेना चाहते हैं उन्हें रिक्तता के आधार पर प्रवेश जरूर दिया जाए। इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री निशु चंद्राकर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत श्रीमती प्रियंका महोबिया सहित समिति के अन्य सदस्य और आदिवासी विकास विभाग का अमला बैठक में मौजूद रहा।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में अध्ययनरत पांच विद्यार्थियों का कलेक्टर ने किया सम्मान, सीबीएसई के दसवीं बोर्ड में मिले 80% से अधिक अंक
ज़िला स्तरीय आदिम जाति कल्याण आवासीय एवं आश्रम संस्थान समिति की बैठक में
धमतरी, 22 सितम्बर 2022/ नगरी के पथर्रीडीह स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के बेहतर तरीके से संचालन के लिए ज़िला स्तर पर गठित आदिम जाति कल्याण आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक समिति की बैठक आज कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में रखी गई। इस मौके पर संस्था में अध्ययनरत पांच बच्चे जिन्हें कक्षा दसवीं सीबीएसई बोर्ड में 80% से अधिक अंक मिले उन्हें कलेक्टर ने प्रशस्ति पत्र और स्मारक भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें मन लगाकर पढ़ने और अपने तय मुकाम को इसी लगन से हासिल करने के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी।
बैठक में कलेक्टर ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में रिक्त सभी शिक्षकों के पद जल्द से जल्द भरने की कार्रवाई करने के निर्देश सहायक आयुक्त को दिए। इस मौके पर बताया गया कि वर्तमान में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय पथर्रीडीह में कक्षा छठवीं से ग्यारहवीं तक कुल 360 सीट में बच्चे प्रवेशित और अध्ययनरत हैं। इनमें 180 बालक और इतनी ही बालिका हैं। शिक्षा सत्र 2021-22 में ली गई परीक्षा में प्रथम श्रेणी में 283 और दूसरी श्रेणी में 17 बच्चे आए। कलेक्टर ने इस आवासीय परिसर में पानी की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को परिसर के आसपास जल स्त्रोत ढूंढने के निर्देश दिए। यहां स्मार्ट क्लास संचालन और नेटवर्किंग के लिए ब्रॉडबैंड कनेक्शन बी.एस.एन.एल. द्वारा लगाया गया है। कलेक्टर ने बी.एस.एन.एल. के अधिकारी को यहां सुचारू नेटवर्क की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश बैठक में दिए। साथ ही स्कूल में अप्रोच रोड, फेंसिंग आदि के विषयों पर भी अधिकारियों से चर्चा कर उचित कार्रवाई करने कहा। इस बैठक में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय को जिला स्तर पर मिले स्वच्छता अवार्ड के तहत संस्था की प्राचार्य को प्रशस्ति पत्र भी कलेक्टर ने सौंपा और स्कूल में सकारात्मक वातावरण बनाए रख बच्चों का बेहतर कल बनाने पर जोर दिया। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री निशु चंद्राकर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज़िला पंचायत श्रीमती प्रियंका महोबिया सहित आदिवासी विकास विभाग का अमला बैठक में मौजूद रहा।

चुनेश साहू 7049466638





