
विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से नगरीय विकास को मिली नई गति, हाई मास्ट लाइट, उद्यान, किड्स प्ले एरिया, मंगल भवन और मुक्तिधाम उन्नयन के कार्य होंगे संचालित
पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के नगरीय निकायों के विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से नगर पालिका पंडरिया एवं नगर पंचायत पांडातराई के लिए कुल 2 करोड़ 98 लाख 48 हजार रुपये के विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा तथा नगरीय क्षेत्रों के सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका पंडरिया के लिए 1 करोड़ 98 लाख 48 हजार रुपये तथा नगर पंचायत पांडातराई के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों हेतु स्वीकृत की गई है। इससे पहले नगर पंचायत इन्दौरी के लिए भी 1 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है।
बताया जाता है कि 9 जनवरी 2026 को पंडरिया में आयोजित विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्र के नगरीय निकायों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार एवं नागरिकों की आवश्यकताओं से जुड़े विभिन्न प्रस्ताव शासन के समक्ष रखे थे। इन मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए अब संबंधित विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
नगर पालिका पंडरिया में होंगे कई महत्वपूर्ण कार्य
स्वीकृत राशि के तहत नगर पालिका पंडरिया क्षेत्र में मुख्य मार्गों पर हाई मास्ट लाइट की स्थापना की जाएगी, जिससे रात्रिकालीन आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। इसके अलावा सर्वसुविधायुक्त आधुनिक उद्यान एवं किड्स प्ले एरिया का निर्माण किया जाएगा, जहां बच्चे खेलकूद और मनोरंजन की गतिविधियों का लाभ उठा सकेंगे।
इसके साथ ही वार्ड क्रमांक 9 सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड (रौहा क्षेत्र), वार्ड क्रमांक 10 पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड (मोतीपुर क्षेत्र) तथा वार्ड क्रमांक 14 संत रविदास वार्ड (कुबा क्षेत्र) में प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कार्य किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से स्थानीय नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पांडातराई में मंगल भवन और मुक्तिधाम का होगा उन्नयन
नगर पंचायत पांडातराई में स्वीकृत एक करोड़ रुपये की राशि से सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन का निर्माण कराया जाएगा। यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए उपयोगी साबित होगा। इसके साथ ही नगर के मुक्तिधाम के उन्नयन का कार्य भी किया जाएगा, जिससे अंतिम संस्कार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार आएगा।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि इन कार्यों के पूर्ण होने से नगर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
इन्दौरी को भी मिल चुकी है विकास कार्यों की स्वीकृति
गौरतलब है कि नगर पंचायत इन्दौरी के लिए पूर्व में 1 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। इस राशि से निकाय क्षेत्र में दुकानों का निर्माण, मांगलिक भवन निर्माण तथा मुक्तिधाम उन्नयन जैसे कार्य किए जा रहे हैं। इससे क्षेत्र के व्यापारिक एवं सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
विकास कार्यों से बढ़ेगी नागरिक सुविधाएं
विशेषज्ञों का मानना है कि हाई मास्ट लाइट की स्थापना से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। वहीं उद्यान और किड्स प्ले एरिया जैसी सुविधाएं बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी। मंगल भवन और मुक्तिधाम उन्नयन जैसे कार्य सामाजिक आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
विधायक भावना बोहरा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति मिलेगी, जिससे पंडरिया विधानसभा क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
इन स्वीकृतियों के बाद पंडरिया, पांडातराई और इन्दौरी क्षेत्र के नागरिकों में उत्साह का माहौल है तथा लोगों को उम्मीद है कि विकास कार्यों के पूर्ण होने से नगरों की तस्वीर और बेहतर होगी।





