
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अंकिता रत्नेश मिश्रा को चाणक्य नेशनल लीडरशिप अवार्ड 2026 से सम्मानित
धमतरी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर धमतरी की अंकिता रत्नेश मिश्रा (एनी) को “चाणक्य नेशनल लीडरशिप अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान ब्राह्मण समाज जिला धमतरी एवं तहसील ब्राह्मण समाज धमतरी के पदाधिकारियों तथा समाज के वरिष्ठ जनों की उपस्थिति में नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू जगदीश रोहरा के हाथों प्रदान किया गया।

इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कोषाध्यक्ष भारती, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक धमतरी रंजना साहू, महापौर रामू जगदीश रोहरा, पूर्व महापौर अर्चना चौबे तथा राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त होने पर अंकिता रत्नेश मिश्रा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे समाज, परिवार और उन सभी लोगों का है जिन्होंने हमेशा उनका मार्गदर्शन और सहयोग किया। उन्होंने कहा कि समाज के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद और साथ उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
अंकिता ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस जैसे अवसर महिलाओं को अपनी क्षमता और नेतृत्व कौशल को पहचानने का अवसर देते हैं। आज महिलाएं शिक्षा, सामाजिक सेवा, प्रशासन, राजनीति और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हुए समाज और देश के विकास में अपनी भागीदारी और मजबूत करनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि उन्हें जो सम्मान मिला है, वह उनके लिए जिम्मेदारी भी है। भविष्य में भी वे समाज हित और महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी। अंत में उन्होंने समाज के सभी प्रबुद्धजनों, पदाधिकारियों और उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी से आशीर्वाद और मार्गदर्शन की अपेक्षा की।
चुनेश साहू 7049466638





