
तहसीलदार के रूप में पदस्थ रहते हुए पाई बड़ी सफलता
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग (PSC) ने राज्य सेवा परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। परिणामों में इस बार जशपुर जिले का नाम एक बार फिर चमका है। कुनकुरी निवासी पारस शर्मा ने अपनी कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रदेश में 5वां स्थान हासिल किया है।
पारस शर्मा वर्तमान में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में तहसीलदार के पद पर पदस्थ हैं। नौकरी की व्यस्तताओं और प्रशासनिक दायित्वों के बीच तैयारी करते हुए उन्होंने यह उपलब्धि प्राप्त की है। उनके चयन को लेकर परिवार, क्षेत्र और जिले में खुशी की लहर है।
पारस का कहना है कि निरंतरता, अनुशासन और समय का सही प्रबंधन उनकी सफलता का आधार रहा है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को सकारात्मक सोच और नियमित अध्ययन की सलाह दी।
कुनकुरी सहित पूरे जशपुर जिले में पारस शर्मा की इस उपलब्धि पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।





