
धमतरी, 07 अगस्त 2025: उप संचालक कृषि श्री मोनेश साहू ने जिले के किसानों से फसल बीमा योजना और कृषक उन्नति योजना का लाभ उठाने की अपील की है। फसल बीमा योजना के तहत अऋणी किसानों के लिए 14 अगस्त 2025 और ऋणी किसानों के लिए 30 अगस्त 2025 तक पंजीयन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। श्री साहू ने किसानों से अधिक से अधिक फसल बीमा करवाने का आग्रह किया ताकि फसल जोखिमों से होने वाले नुकसान से बचाव हो सके।
इसके साथ ही, कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत धान के बजाय दलहन, तिलहन और मिलेट की फसल उगाने वाले किसानों को 11,000 रुपये प्रति एकड़ की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। पिछले वर्ष दलहन-तिलहन की फसल उगाने वाले और इस वर्ष भी ऐसी फसल लगाने वाले किसानों को 10,000 रुपये प्रति एकड़ की अनुदान सहायता दी जाएगी।
किसानों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन करवाना होगा। सहायता राशि गिरदावरी रिपोर्ट और प्राप्त आंकड़ों के आधार पर वितरित की जाएगी। उप संचालक ने किसानों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।





