
पोड़ी उपरोड़ा/कोरबा:-छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा द्वारा नव पदस्थ विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) श्री के.आर. दयाल का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर संघ के जिला संयोजक सादिक अंसारी, ब्लॉक अध्यक्ष विनय झा, ब्लॉक संयोजक मनोज श्रीवास, सचिव आसन दास दीवान, कोषाध्यक्ष कुशाल सिंह कंवर, तथा सदस्य रंजित सिंह पाल एवं शशांक सिंह उपस्थित रहे। सभी ने श्री दयाल को बुके भेंटकर अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान शिक्षक हित और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। विशेष रूप से स्कूलों में गैस रिफिल की राशि प्रदान करने एवं रसोइयों के लंबित भुगतान को लेकर विचार विमर्श हुआ।
इस संबंध में बीईओ श्री दयाल ने जानकारी दी कि संबंधित मांग पत्र उच्च कार्यालय को प्रेषित कर दिया गया है और जैसे ही राशि स्वीकृत होकर प्राप्त होती है, तत्काल भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षक संघ ने बीईओ श्री दयाल को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में ब्लॉक की शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।





