
धमतरी(प्रखर)कोतवाली थाना के बाजू शहर के मुख्य डाकघर में सेंधमारी कर लाखों की चोरी का मामला सामने आया है। कर्मचारियों ने पहुंचकर जब स्ट्रांग रूम देखा तो होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पुलिस पहुंचकर जांच में जुट गई है।
मुख्य डाक घर शहर के बीच कचहरी चौक के पास स्थित है,पास में थाना सिटी कोतवाली भी है,जहां पर दिन ही नहीं रात में भी लोगों का उस रास्ते से आना-जाना रहता है। बताया जा रहा है कि मुख्य डाकघर में कर्मचारी शुक्रवार को ताला बंद कर ड्यूटी से चले गए थे।रात में चौकीदार मौजूद था। शुक्रवार की रात चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया।पीछे दीवाल से सेंधमारी कर मुख्य डाकघर के अंदर पहुंचे। डाकघर के मुख्य तिजोरी के चादर को गैस कटर से काटकर 6 लाख 68 हजार रुपए की चोरी की है। यह भी बताया जा रहा है डाकघर के पीछे आधार लोक सेवा केंद्र में भी चोरों ने सेंधमारी किया है,जहां से हजारों रुपए चोरी किया है,फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच कर रही है, और मौके पर डीएसपी नेहा पवार,थाना प्रभारी राजेश मरई और साइबर सेल की टीम जांच में जुट गई है। चोरों तक पहुंचने के लिए डॉग की मदद ली जा रही है।यह भी बताया जा रहा है कि मुख्य डाक सेवा केंद्र में चोरों ने चोरी करने से पहले सीसीटीवी को ढक कर इस घटना को अंजाम दिया है। थाना के बाजू में हुई यह चोरी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।
चुनेश साहू 7049466638
2.समाचार
विकासखण्ड स्तरीय निक्षय निरामय छत्तीसगढ़ कार्यक्रम का किया गया शुभारंभ

धमतरी 07 दिसम्बर 2024/ शासन की महती “निक्षय निरामय छत्तीसगढ़“ 100 दिवसीय पहचान और उपचार कार्यक्रम का विकासखण्ड स्तरीय शुभारंभ आज सिविल अस्पताल नगरी से किया गया। इस अवसर पर दो वयोवृद्धजनों को ग्लूकोमीटर का निशुल्क वितरण किया गया। वहीं 70 वर्ष और 70 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में श्री प्रकाश बैस सहित बी एम ओ नगरी डॉ ए.के. नेताम तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
3.समाचार
भूमि को लाया गया उसकी पूर्व स्थिति में

धमतरी 07 दिसम्बर 2024/कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी के निर्देश पर जिले में अवैध प्लॉटिंग के विरूद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी कड़ी में बीते दिन धमतरी तहसील के ग्राम रुद्री स्थित पटवारी हल्का नंबर 45, खसरा नंबर 298, जो कि ताम्रध्वज साहू के नाम पर दर्ज है। इस पर कॉलोनी निर्माण के आशय से अप्राधिकृत रूप से विकास करते हुए रोड आदि का निर्माण किया गया है, जो कि छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993, छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम 1973 के प्रावधानों के विपरीत है।
सहायक संचालक नगर तथा ग्राम निवेश श्री नवीन कुमार ने बताया कि विधिक स्थिति को बनाए रखने हेतु लोकहित में जेसीबी मशीन के माध्यम से भूमि को उसकी पूर्व स्थिति में लाया गया। कार्यवाही के समय नगर तथा ग्राम निवेश, राजस्व विभाग के अधिकारी, तहसीलदार धमतरी सहित संबंधित पटवारी उपस्थित रहे। जप्ती योग्य सामग्री नहीं पाए जाने पर किसी भी सामग्री को जप्त नहीं किया गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी उपस्थित रहा। भूमि को पूर्व स्थिति में लाने के लिए उपगत व्यय की परिगणना पृथक से कर भू राजस्व की बकाया राशि के रूप में वसूल किया जाएगा।
4.समाचार
टी.बी.मुक्त भारत बनाने के संबंध में कलेक्टोरेट में ली गई शपथ
धमतरी 07 दिसम्बर 2024/ कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी एवं पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय की उपस्थिति में आज अधिकारियों द्वारा कलेक्टोरेट सभाकक्ष में टी.बी.मुक्त भारत बनाने की शपथ ली गई। शपथ में बताया गया कि मैं शपथ लेता/लेती हूं कि जानकारी रोशनी सं टीबी के डर को मिटाउंगा/मिटाउंगी, सतर्कता की ताकत से टीबी के भेदभाव को खत्म करूंगा, पूर्ण समर्पण की भावना से मैं भारत को टीबी मुक्त बनाने के यज्ञ में अपना पूरा योगदान दूंगा/दूंगी। ’’टीबी हारेगा, देश जीतेगा। निक्षय-निरामय छत्तीसगढ़।
5.समाचार
पुनर्वास समिति की बैठक सम्पन्न

धमतरी 07 दिसम्बर 2024/ कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी एवं पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय की उपस्थिति में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आत्म समर्पित नक्सली एवं नक्सल पीड़ित परिवारों को राज्य शासन की सुरक्षा एवं पुनर्वास नीति के तहत पुनर्वास समिति की बैठक आहूत की गई। बैठक में आत्म समर्पित नक्सली को पुनर्वास नीति के तहत प्रोत्साहन राशि प्रदाय करने, आश्रित को शासकीय नौकरी प्रदाय करने, नक्सल प्रभावित परिवार को कलेक्टर दर पर नियुक्तियां प्रदाय करने, नक्सल पीड़ित परिवार एवं विद्यार्थियों को एकलव्य, प्रयास, नीट तथा शैक्षणिक संस्थाओं में प्रवेश के लिए आवश्यक कार्यवाही करने कहा गया। साथ ही विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा कर अनुमोदन किया गया। बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग द्वारा बताया गया कि दो नक्सल पीड़ित परिवार के सदस्यों को सहायता राशि व शासकीय सेवा प्रदाय किया गया। इसके साथ ही नक्सल पीड़ित के आश्रित को सहायता राशि पांच लाख रूपये का भुगतान और चतुर्थ श्रेणी के पद पर पदस्थ किए जाने संबंधी जानकारी दी गई।
6.समाचार
नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2024-25
कलेक्टर, एस.पी. ने ली तैयारियों और कानून व्यवस्था के संबंध में बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

धमतरी 07 दिसम्बर 2024/ कलेक्टर सुश्री नम्रता गांधी और पुलिस अधीक्षक श्री आंजनेय वार्ष्णेय ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में नगरीय निकाय और त्रि स्तरीय पंचायतों के आम निर्वाचन 2024-25 के मद्देनजर तैयारियों एवं कानून व्यवस्था के संबंध में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने आगामी स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों को सुचारू एवं परादर्शी ढंग से कराने के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने कहा, ताकि चुनाव निष्पक्ष एवं निर्भिक रूप से सम्पन्न कराया जा सके, जिसके लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। इस अवसर पर नगरनिगम आयुक्त श्रीमती प्रिया गोयल, संयुक्त कलेक्टर श्री रामकुमार कृपाल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, एसडीओपी, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर सुश्री गांधी ने कहा कि संवेदनशील केन्द्रों में कोटवार को अलर्ट रखने, स्वास्थ्य सहायता के लिए मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता की बैठक लेकर जानकारी संकलित करने कहा। इसके साथ ही अशांति भंग करने वालों की पहचान कर उन पर नजर रखने, मतदान केन्द्रों में बिजली, पानी, साफ-सफाई, शौचालय इत्यादि दुरूस्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा संवेदनशील केन्द्रों के लिए सेक्टर अधिकारी नियुक्त करने, मतदान और मतगणना में महिला कर्मियों की भी ड्यूटी लगाने, मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, रेडक्रॉस, एनसीसी, एनएसएस के वॉलेंटियर्स की सहायता लेने और लोगों से मधुर वार्ता जारी रखने के निर्देश कलेक्टर ने दिए, जिससे आवश्यक सूचना समय पर प्राप्त हो सके। कलेक्टर ने नगरीय निकाय एवं त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव निष्पक्ष एवं निर्भीक ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन, पुलिस अमला को सतर्क एवं जवाबदेही से कार्य कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र, अवैध खनन, परिवहन, अवैध शराब, अतिक्रमण पर समन्वयन स्थापित करन कार्यवाही करने कहा। इसके साथ ही संवेदनशील मतदान केन्द्र में सेक्टर अधिकारी नियुक्त करने एवं ब्लॉक स्तर पर प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का संयुक्त कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री वार्ष्णेय ने कहा कि गांवों में चलित थाने का आयोजन करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों से जुड़े तथा घटना की सूचना समय पर प्राप्त हो। बदमाश पर निगाह रखने गांवों में सामुदायिक कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाये। साथ ही ऐसे गांवों का व्हाट्स ऐप ग्रुप बनाया जायेगा, ताकि हर विवाद की सूचना पूर्व में ही प्राप्त हो सके। ऐसे व्हाट्स ऐप ग्रुप में गांवों के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारी शामिल होंगे। कोटवारों के अलग से व्हाट्सऐप ग्रुप बनाये जायेगा। पुलिस मित्र (गांव के युवा), वालंटियर्स तैयार किये जायेंगे, ताकि जानकारी पूर्व में प्राप्त हो और चुनाव के समय मदद मिल सके। बाहर से आने वाले संदिग्धों पर नजर व जांच, होटल, ढाबा संचालकों को निर्देश व इनकी जांच, किरायेदारों की सूची तथा सत्यापन, चेकिंग प्वाइंट्स स्थापित किये जायेंगे। इसके साथ ही चार पहिया माल वाहक वाहनों की जांच, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक, सुनसान स्थानों पर पेट्रोलिंग, असामाजिक तत्वो, नशेड़ियों, अड्डेबाजों पर कार्यवाही की जाएगी। शांति समिति का पुनर्गठन, सोशल मीडिया मॉनीटरिंग टीम, पत्रकारों से चर्चा, संवेदनशील बूथों को चिन्हित करना, मतदान पेटी को मतदान केन्द्र तक सुरक्षित पहुंचाना एवं गिनती के बाद वापसी हेतु पर्याप्त बल नियुक्त किया जायेगा। स्ट्रांग रूम एवं मतदान केन्द्रों की सुरक्षा हेतु पर्याप्त बल की व्यवस्था की जायंगी। उन्होंने पुलिस बल को अभी से चुनावी माहौल हेतु तैयार करने हेतु पुलिस एवं प्रशासन का समन्वय स्थापित करने कहा।





