
*धमतरी विधायक ओंकार साहू राजधानी रायपुर के राजीव भवन में आयोजित कांग्रेस के विधायक दल की अहम बैठक में शामिल* आज राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक में धमतरी विधायक माननीय श्री ओंकार साहू शामिल हुए। बैठक में आगामी शीतकालीन सत्र को लेकर रणनीति तैयार करने और विधानसभा में उठाए जाने वाले मुद्दों पर विस्तृत चर्चा इस बैठक का मुख्य उद्देश्य रहा। 14 दिसंबर से नया विधानसभा भवन प्रदेश के महत्वपूर्ण सवालों से गूंजेगा, जहां 628 सवालों के साथ सत्र की शुरुआत होगी। बैठक में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही। पूर्व मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री दीपक बैज तथा नेता प्रतिपक्ष श्री चरणदास महंत विशेष रूप से मौजूद रहे। समस्त कांग्रेस विधायको एवं वरिष्ठ नेताओं ने जनता से जुड़े मुद्दों और राज्य हित के महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। विधायक ओंकार साहू जी ने कहा, “शीतकालीन सत्र में धमतरी जिले सहित पूरे प्रदेश के सवाल मुख्य रूप से कानून-व्यवस्था , धान खरीद में दिक्कतें , किसान आत्महत्या करने को मजबूर , खराब सड़कें , अवैध खनन , जंगल की अवैध कटाई , नकली शराब , अवैध प्लॉटिंग , राशन वितरण तथा प्रशासनिक गड़बड़ियों जैसे मुद्दे प्रमुख रुप से शामिल हैं। निश्चित ही विधानसभा में इन महत्वपूर्ण विषयों पर जोरदार बहस होगी, ताकि समस्याओं का समाधान हो और जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति विधानसभा के माध्यम से सुनिश्चित की जा सके।”
अब तक 40,874 किसानों से 19 लाख क्विंटल धान की खरीदी

धमतरी 12 दिसंबर 2025/ जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन कार्य सुचारू रूप से जारी है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं सुविधाजनक बनाया गया है। जिले की कुल 74 प्राथमिक सहकारी समितियों में अब तक 1,29,188 किसानों के 1,25,76.91 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन किया गया है।
15 नवंबर 2025 से आरंभ उपार्जन प्रक्रिया के तहत अब तक 40,874 किसानों से 19,03,630 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसका कुल मूल्य 451.50 करोड़ रुपये है। किसानों को त्वरित भुगतान सुनिश्चित करने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सतत मॉनिटरिंग की जा रही है।
आगामी 15 दिसंबर 2025 के लिए 3,035 किसानों को 13,806.62 क्विंटल धान विक्रय हेतु टोकन जारी किए गए हैं। समितियों में सुव्यवस्थित परिवहन, ट्रॉली पार्किंग, तौल मशीनों की उपलब्धता एवं बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित कराई गई है ताकि किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी खरीदी केंद्रों में रजिस्ट्रेशन से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया पारदर्शी रहे तथा प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाए। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के सभी पंजीकृत किसानों का धान समय पर और समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए, जिससे किसानों को अधिकतम लाभ मिल सके।
डांडेसरा में मखाना खेती का शुभारंभ – ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम

धमतरी 12 दिसम्बर 2025/ जिले में ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ बनाने एवं महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित ग्राम डांडेसरा के छोटी -छोटी डबरियों में मखाना पौधरोपण की औपचारिक शुरुआत स्व-सहायता समूह शैलपुत्री एवं नई किरण की महिलाओं द्वारा की गई। नई फसल की शुरुआत से क्षेत्र में उत्साह एवं उत्सुकता का वातावरण देखने को मिला है।
महिला समूहों को पूर्व में मखाना उत्पादन, प्रबंधन एवं हार्वेस्टिंग का तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया था। इस पहल से ग्रामीण महिलाओं के लिए नए आय-सृजन के अवसर उपलब्ध होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा आज डांडेसरा पहुंचे और महिला समूहों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने नई खेती की शुरुआत पर बधाई देते हुए कहा कि मखाना इस क्षेत्र की भौगोलिक एवं जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप बेहद उपयुक्त फसल है।
कलेक्टर ने बताया कि मखाना की खेती हेतु दो से तीन फीट पानी पर्याप्त है। फसल छः माह में तैयार हो जाती है। यह धान की तुलना में अधिक लाभकारी है। मखाना न केवल आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी अत्यंत पोषक है, जिसमें विटामिन, फाइबर, कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन एवं जिंक प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि धमतरी में मखाना की आधुनिक खेती किसानों तथा महिला स्व-सहायता समूहों के लिए आय बढ़ाने का नया मार्ग बनेगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि मखाना को धान के बेहतर विकल्प के रूप में बड़े पैमाने पर अपनाया जाए। उन्होंने तालाबों को मखाना खेती के अनुकूल बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में आयोजित धमतरी कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा छत्तीसगढ़ को मखाना बोर्ड में शामिल करने की घोषणा की गई थी, जिससे राज्य में मखाना उत्पादन को राष्ट्रीय स्तर का सहयोग प्राप्त होगा। इसके पूर्व जिले के कुरूद विकासखंड के ग्राम राखी, दरगहन एवं सरसोंपुरी को मखाना खेती के लिए पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चयनित किया गया है। इन गांवों में मखाना उत्पादन प्रगति पर है तथा फसल की हार्वेस्टिंग भी प्रारंभ हो चुकी है।
कार्यक्रम में उप संचालक उद्यानिकी श्रीमती पूजा कश्यप साहू, उप संचालक कृषि श्री मोनेश साहू एवं इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के प्रधान कृषि वैज्ञानिक डॉ. गजेन्द्र चन्द्राकर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहेद्य यह पहल धमतरी जिले को मखाना उत्पादन के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्रदान करेगी।
समाचार
कलेक्टर की स्कूल शिक्षा की समीक्षा
परीक्षा तैयारी, स्कूल व्यवस्थाओं और कमजोर प्रदर्शन वाले संस्थानों पर निगरानी के निर्देश

धमतरी 12 दिसंबर 2025/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्कूल शिक्षा की समीक्षा की। उन्होंने परीक्षा तैयारियों से लेकर स्कूलों की व्यवस्थाओंकी विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर ने त्रैमासिक एवं अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सीएससी को निर्देशित किया कि वे स्कूलों में जाकर कम से कम 5 प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाओं का अनिवार्य रूप से परीक्षण सुनिश्चित करें। उन्होंने अर्धवार्षिक परीक्षा के लिए भी पेपर जांच की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने बोर्ड परीक्षाओं में कमजोर परिणाम देने वाले स्कूलों के प्राचार्यों पर कार्रवाई की चेतावनी देते हुए बीईओ को फील्ड में जाकर स्कूलों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि कमजोर प्रदर्शन वाले स्कूलों के प्राचार्यों को कार्यालय में अटैच किया जाए।
बैठक में लगातार अनुपस्थित अधिकारियों एवं प्राचार्यों पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की तथा उनकी शिकायत उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। सभी विकासखंडों के 10 सर्वश्रेष्ठ एवं 10 कमजोर स्कूलों की समीक्षा कर सुधारात्मक योजनाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने उत्कृष्ट बच्चों के लिए शीतकालीन अवकाश के दौरान अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने और कमजोर विद्यार्थियों को परीक्षा-उन्मुख तैयारी कराने पर जोर दिया। पीएम श्री स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं, प्रगतिरत निर्माण तथा लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने और लंबित कार्यों की तुरंत शुरुआत सुनिश्चित करने को कहा।
हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्थापित अटल टिंकरिंग लैब (ATL) के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नवाचार की दिशा में प्रेरित करने के निर्देश दिए। कंप्यूटर लैब की अव्यवस्थित स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को कंप्यूटर की बेसिक जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने की बात कही।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विषय-आधारित छोटे वीडियो तैयार कर उपलब्ध कराने तथा पिछले वर्ष की बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों का लिंक साझा करने के निर्देश दिए। साथ ही अर्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए मॉडल आंसर तैयार करने को कहा।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभय जायसवाल, डीएमसी श्री तिवारी, श्री देवेश सूर्यवंशी सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सीएससी और स्कूलों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
फसल बीमा कराओ, सुरक्षा कवच पाओ” – रबी वर्ष 2025-26 में फसल बीमा हेतु अंतिम तिथि 31 दिसंबर
धमतरी, 12 दिसंबर 2025/ रबी वर्ष 2025-26 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसलों के बीमा हेतु अधिसूचना छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी कर दी गई है। किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से संरक्षण प्रदान करने के उद्देश्य से गेहूं (सिंचित/असिंचित), चना, राई-सरसों एवं अलसी को इस योजना के तहत शामिल किया गया है। बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित है।
जारी अधिसूचना के अनुसार प्रति हेक्टेयर देय प्रीमियम दर इस प्रकार है-
. गेहूं सिंचित : ₹585
. गेहूं असिंचित : ₹420
. चना : ₹600
.राईदृसरसों : ₹420
. अलसी : ₹285
फसल बीमा से किसानों को ओलावृष्टि, अतिवृष्टि, सूखा जैसी प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली क्षति की भरपाई का मजबूत सुरक्षा कवच मिलता है। कृषि विभाग द्वारा इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
किसान भाइयों से अपील
उप संचालक कृषि ने सभी किसानों से अधिक से अधिक फसल बीमा कराने का आग्रह किया है, ताकि फसल क्षति की स्थिति में उन्हें उचित मुआवजा प्राप्त हो सके। बीमा से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए किसान कृषि विभाग के मैदानी अमले, संबंधित बैंक शाखाओं एवं बीमा कंपनी के अधिकृत अभिकर्ताओं से संपर्क कर सकते हैं।
समाचार
बच्चों के समग्र विकास पर फोकसः कलेक्टर ने आश्रम-छात्रावास व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की
आश्रमों में बेहतर शिक्षा और सुरक्षा प्राथमिकताः
उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए अधीक्षिकाएँ सम्मानित
धमतरी 12 दिसंबर 2025/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में बीते दिन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आश्रम-छात्रावास अधीक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आश्रमों में निवासरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, सुरक्षित सुविधाएँ और परिवार जैसा स्नेहपूर्ण माहौल उपलब्ध कराना था। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधीक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं, इसलिए उनके संपूर्ण व्यक्तित्व विकास के लिए सभी अधीक्षक अपनी जिम्मेदारी को संवेदनशीलता और समर्पण के साथ निभाएँ।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने आश्रम-छात्रावासों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण की नियमित व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यस्थिति, चौकीदार एवं महिला होमगार्ड की तैनाती सहित सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। मौसमी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गर्म कपड़ों और यूनिफॉर्म वितरण की प्रगति की भी जानकारी ली। साथ ही बच्चों के ज्ञानवर्धन और शैक्षणिक विकास हेतु लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर बल दिया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने आश्रमों में टीवी की व्यवस्था पर भी चर्चा की और कहा कि जिन आश्रमों में टीवी नहीं है, वहां शीघ्र स्थापना की जाएगी, ताकि बच्चे देश-दुनिया की जानकारी से अवगत हो सकें। स्मार्ट कंप्यूटर लैब की समीक्षा करते हुए उन्होंने बच्चों को बेसिक कंप्यूटर कोर्स की ट्रेनिंग देने हेतु अधीक्षकों को निर्देशित किया, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता बढ़ सके। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा चयनित अधीक्षकों को आईएएम में एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनकी कार्यकुशलता और प्रबंधन क्षमता में वृद्धि होगी।
बैठक में भोथापारा और सलोनी आश्रमों की अधीक्षिकाओं को उत्कृष्ट व्यवस्था और छात्रों को उत्तम सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री विमल साहू सहित सभी आश्रम-छात्रावास अधीक्षक उपस्थित रहे।

समाचार
कलेक्टर का ग्रामीण क्षेत्रों का व्यापक दौरा : किसानों की आय बढ़ाना सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर ने खेत-खेत जाकर लिया चना, सरसों व अरहर फसलों का जायज़ा
किसानों से सीधा संवाद : समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा
धमतरी 12 दिसंबर 2025/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज जिले के खपरी, संबलपुर, पुरी, डांडेसरा, कन्हारपुरी, भुसरेंगा, बगौद, कुर्रा, कोसमर्रा, देवरी और सिहाद सहित कई गांवों का निरीक्षण दौरा किया। दौरे के दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और विभिन्न फसलों की वास्तविक स्थिति का मुआयना किया।
कलेक्टर ने कहा कि किसानों को लाभान्वित करना, उनकी आय बढ़ाना और कृषि को लाभकारी बनाना सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान के साथ-साथ व्यावसायिक फसलों, दलहन, तिलहन तथा मिलेट की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जाए।
चना, सरसों, अरहर की बढ़ी खेती-किसानों से लिया फसल विस्तार का फीडबैक
उप संचालक कृषि श्री मोनेश साहू ने बताया कि खपरी और संबलपुर के किसानों ने इस क्षेत्र में लगभग 1000 एकड़ में चना की खेती कर रहे है। कृषि विभाग ने किसानों को चना बीज उपलब्ध कराया है, जिससे पिछले वर्ष की तुलना में चना की खेती में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। भुसरेंगा-बगौद के किसान भी सरसों, अरहर और उड़द की खेती कर रहे हैं। कलेक्टर ने खेतों का निरीक्षण कर फसलों की स्थिति देखी और किसानों से उत्पादन, पानी, खाद एवं सुरक्षा से संबंधित समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि लघु-सूक्ष्म उद्योग (एमएसएमआई) के लिए भी प्रकरण बनाएं। उन्होंने किसानों से कहा कि एमएसएमआई के लिए 35 प्रतिशत सब्सिडी दी जाती है।
किसानों की समस्याओं का होगा समाधान
किसानों ने बताया कि हाईवे के समीप होने के कारण कृषि यंत्र एवं सामग्री की चोरी होती है और गांव के पशु खेतों में घुस जाते हैं, जिससे नुकसान होता है। कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस एवं संबंधित विभाग से समन्वय कर ठोस कार्रवाई की जाएगी।
मिलेट व गेहूं उत्पादन को बढ़ावा
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि मिलेट न केवल पौष्टिक भोजन है, बल्कि पशु चारे के लिए भी उपयोगी है, इसलिए मिलेट उत्पादन बढ़ाने के प्रयास तेज किए जाएं। सिंचित क्षेत्रों में किसानों को गेहूं की खेती के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।
आयमूलक गतिविधियों व लघु उद्योगों को प्रोत्साहन
उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए मूल्य-वर्धित उत्पादों (वैल्यू एडिशन) की यूनिटें स्थापित करने तथा लघु औद्योगिक इकाइयों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले में जैविक खेती, मिलेट मिशन, सामुदायिक बाड़ी, और जलग्रहण प्रबंधन कार्यक्रमों को गति दी जाए।
कलेक्टर ने कहा कि धमतरी जिला औषधीय एवं सुगंधित पौधों की खेती के लिए अनुकूल है, इसलिए इस क्षेत्र में भी संभावनाओं को विस्तार दिया जाए।
बीज, खाद व उर्वरकों की उपलब्धता का लिया जायज़ा
कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों से बीज वितरण, उर्वरकों की उपलब्धता और भंडारण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए किसानों को
. उन्नत किस्म के गुणवत्तापूर्ण बीज,
. समय पर खाद-उर्वरक,
. मिट्टी परीक्षण (ैSoil Health Card),
. तथा नियमित प्रशिक्षण
उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। कलेक्टर ने कहा कि किसानों की प्रगति ही जिले की प्रगति है, इसलिए सभी विभाग मिलकर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। इस अवसर पर उप संचालक कृषि श्री मोनेश साहू सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





