
कबीरधाम। पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन में जिले की सीमाओं पर अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना चिल्फी क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ी कार्यवाही की गई, जिसमें अन्य राज्य से आ रहे अवैध धान के परिवहन का खुलासा हुआ।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र बघेल एवं श्री पंकज पटेल, उप पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 11 नवम्बर 2025 को चिल्फी थाना अंतर्गत पुलिस चेकपोस्ट पर वाहनों की नियमित जांच के दौरान निरीक्षक श्री लालजी सिन्हा के नेतृत्व में वाहन क्रमांक UP-90-T-7437 को रोककर जांच की गई। जांच में वाहन में लगभग 212.250 क्विंटल धान भरा पाया गया।
वाहन चालक राजा भैया पिता विजय बहादुर अहिरवार, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम हीरापुर, थाना ब्रजपुर, जिला पन्ना (म.प्र.) से पूछताछ करने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। प्रस्तुत दस्तावेज भी संदिग्ध पाए गए। चालक ने बताया कि धान को बाघरमऊ मंडी, जिला बहराईच (उत्तर प्रदेश) से लोड कर राजनांदगांव (छ.ग.) ले जाया जा रहा था।
अवैध परिवहन की आशंका पर तत्काल खाद्य विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर खाद्य निरीक्षक श्री अमित कुमार द्विवेदी (बोड़ला), श्री विरेन्द्र पोर्ते (कवर्धा) तथा श्री हिमांशु केशरवानी (पंडरिया) मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम के साथ मिलकर जप्ती एवं पंचनामा की कार्यवाही की।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा, आरक्षक पंकज यादव, सुनील मेरावी, संतोष साहू, मोह. इरफान, आशु तिवारी सहित खाद्य विभाग की टीम का विशेष योगदान रहा।
कबीरधाम पुलिस ने बताया कि जिले की सीमाओं पर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अवैध धान परिवहन, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। साथ ही जिले में कानून व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।





