hindmedianews
Breaking News
छत्तीसगढ़ब्रेकिंग न्यूज़रोजगार

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत 12 मार्च तक लगेंगे शिविर भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक रूद्री (धमतरी) में  

IMG-20250714-WA0596
previous arrow
next arrow

 

धमतरी 10 मार्च 2025/ बेरोजगार युवाओं में कौशल को बढ़ावा देने तथा रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना शुरू की गई है। भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक रूद्री (धमतरी) एवं नोडल अधिकारी प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना ने बताया कि धमतरी जिले के युवाओं के लिए योजना के तहत पंजीयन, आवेदन के लिए शासकीय पॉलीटेक्निक रूद्री में आज से 12 मार्च तक सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर लगाया जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी शिविर में उपस्थित होकर निःशुल्क पंजीयन, आवेदन कर सकते है। 

              योजना के तहत 21 से 24 वर्ष तक की आयु के, दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक उत्तीर्ण ऐसे विद्यार्थी, जो नियमित उच्च शिक्षा में पंजीकृत न हो, किसी नियमित जॉब-नियोजन में न हो इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही आवेदक के परिवार में कोई सदस्य शासकीय नौकरी में न हो, परिवार के सदस्य की वार्षिक आय 8 लाख से अधिक न हो आवेदन के लिए पात्र होंगे। आवेदन प्रक्रिया निःशुल्क है और आवेदन के लिए ऑनलाइन पोर्टल https://pminternship.mca.gov.in शुरू किया गया है, जिसका उपयोग करके आवेदन फार्म भरा जा सकता है। आवेदन फार्म भरने की अंतिम तिथि 12 मार्च 2025 है। आवेदन किसी भी लोक सेवा केन्द्र अथवा स्वयं के मोबाइल से भी किया जा सकता है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, संबंधित शैक्षणिक योग्यता जैसे दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा अथवा स्नातक की अंकसूची, प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाते के पासबुक का पहला पृष्ठ की छायाप्रति, आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर अनिवार्य है।

 

2.*समाचार*

*एफ.एम.डी. मुक्त भारत अभियान* 

*जिले में 15 अप्रैल तक किया जा रहा प्रतिबंधात्मक टीकाकरण

*गौवंशीय-भैंसवंशीय पशुओं में खुरहा-चपका रोग से बचाने*

धमतरी 10 मार्च 2025/ गौवंशीय-भैंसवंशीय पशुओं को खुरहा-चपका रोग से बचाने के लिए एफ.एम.डी. मुक्त भारत अभियान के तहत आगामी 15 अप्रैल तक प्रतिबंधात्मक टीकाकरण किया जा रहा है। उप संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ.एम.एस.बघेल ने जिले के सभी पशु चिकित्सालयों एवं औषधालयों में 60 टीम गठित किया है, जो पशुपालकों के घर, गौठानों, गौशालाओं जाकर पशुओं का टीकाकरण कर रहे हैं। साथ ही टीकाकृत पशुओं को टैग नम्बर के आधार पर भारत पशुधन एप में ऑनलाईन इंद्राज किया जा रहा है। उन्होंने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने 4 माह से ऊपर के सभी पशुओं को खुरहा-चपका (एफ.एम.डी.) का प्रतिबंधात्मक टीकाकरण जरूर कराएं।

 उप संचालक ने बताया कि खुरहा-चपका रोग संक्रामक विषाणुजनित रोग है, जो बीमार पशु से स्वस्थ पशुओं में तेजी से फैलता है। रोग के लक्षण हैं पशु को तेज बुखार, उसके मुंह, मसूड़े और जीभ के ऊपर, ओंठ के अंदर तथा खुरों के बीच में छाले पड़ जाते हैं, ऐसी स्थिति में पशु जुगाली करना बंद कर देता है। इसके साथ ही मुंह से लार गिरना, सुस्त पड़ना, लंगड़ाना, दुधारू पशुओं में दूध उत्पादन कम हो जाना भी इस बीमारी के लक्षण हैं। डॉ.बघेल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पशु उत्पादों के निर्यात में कमी का एक मुख्य कारण खुरहा-चपका बीमारी भी है।

 

3.*समाचार*

*अपना स्टार्टअप शुरू करने वाली ईशा का कलेक्टर ने किया सम्मान*

 

*कारोबार को आगे बढ़ाने हरसंभव सहायता देने का भी आश्वासन दिया*

 

*शॉर्क टैंक कार्यक्रम में पहुंचने वाली ईशा ने कलेक्टर से की मुलाकात* 

धमतरी 10 मार्च 2025/ धमतरी जैसे छोटे शहर से सफल स्टार्टअप शुरू कर अपने उत्पादों को देश-विदेश में बेचने वाली शहर की ईशा झंवर ने आज कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा से सौजन्य मुलाकात की। कलेक्टर श्री मिश्रा ने ईशा को प्रदेश के युवाओं खासकर युवतियों-महिलाओं के लिए रोल मॉडल बताते हुए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने ईशा जैसी युवतियों को आने वाले दिनों में देश-प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण धुरी बताया और ईशा को उसके व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। कलेक्टर ने ईशा से उसके व्यवसाय, उसे चलाने में आई परेशानियों के साथ उनके सफल समाधान के बारे में पूछा। कलेक्टर ने ईशा के प्रतिष्ठित टीवी कार्यक्रम शॉर्क टैंक तक पहुंचने पर बधाई भी दी। श्री मिश्रा ने उद्योग विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों को ईशा की सहायता से स्थानीय स्तर पर युवाओं को अपने स्टार्टअप शुरू करने और अलग-अलग तरह के व्यवसायों के प्रति प्रेरित करने के लिए कार्यशाला आदि आयोजित करने के भी मौके पर ही निर्देश दिए। 

 धमतरी की ईशा झंवर ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत सरकारी मदद से अपने मूल उद्योग धनश्री फुड के माध्यम से कैमिकल फ्री खाद्य पदार्थ बनाने का स्टार्टअप शुरू किया है। ईशा धमतरी के लोहरसी में उत्पादन यूनिट लगाकर कैमिकल फ्री टोमेटो कैचप, इमली कैचप, मनोनिस, पिज्जा- पास्ता सॉस जैसे उत्पाद बना रहीं हैं। ईशा को इसके लिए 40 लाख रूपये का ऋण और राज्य के उद्योग विभाग के माध्यम से 10 लाख रूपये की सरकारी सब्सिडी भी मिली है। 

              कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा से मुलाकात के दौरान ईशा ने बताया कि उनकी फैक्ट्री में गुड़-टमाटर पेस्ट, इलाईची, काली मिर्च, लौंग जैसे कैमिकल फ्री पदार्थों से उत्पाद बनाए जाते हैं। इनमें किसी तरह के रसायनिक पदार्थ या कलर आदि नहीं मिलाए जाते। ईशा ने बताया कि उनके उत्पादों को एफएसएसएआई से भी मान्यता मिली है। वे अपने उत्पादों का विपणन रीपिट गुड नाम की मार्केटिंग एजेंसी के माध्यम से करतीं हैं। कलेक्टर ने ईशा से इनके उत्पादों के बाजार और लॉजिस्टिक आदि के बारे में भी जानकारी ली। ईशा ने बताया कि उनका अधिकांश उत्पादन मुंबई, दिल्ली और बैंगलोर जैसे महानगरों में ही बिक जाता है। अन्य शहरों में भी इन उत्पादों के लिए बाजार तैयार करने में वे लगीं हैं। ईशा ने बताया कि वे आने वाले दिनों में अधिक खपत वालो शहरों में वेयर हाउस भी शुरू करेंगी, जहां उत्पादों को मांग के अनुसार निर्धारित मात्रा- संख्या में स्टोर करके रखा जा सकेगा। ईशा ने यह भी बताया कि जल्द ही उनकी योजना अपनी उत्पादन यूनिट का विस्तार करने की भी है।

 

 

4.*समाचार*

*केन्द्रीय विद्यालय के विद्यार्थी सीखेंगे चित्रकारी की बारीकियां*

 

*प्रयोगशाला सामग्री मिलेगी, पानी की समस्या का भी होगा समुचित समाधान*

 

*कलेक्टर श्री मिश्रा ने अपने निरीक्षण के दौरान दिया आश्वासन*

 

धमतरी 10 मार्च 2025/ कुरूद के पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय के विद्यार्थी आर्ट (चित्रकारी) की बारीकियां सीखेंगे। इसके लिए विद्यालय में चित्रकला की कक्षाएं लगाई जाएंगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को प्रयोगशाला सामग्रियां भी पर्याप्त मात्रा में मिलेंगी। कलेक्टर एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री अबिनाश मिश्रा ने आज कुरूद के केन्द्रीय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में दर्ज विद्यार्थियों, पढ़ने-पढ़ाने के लिए उपलब्ध कमरों सहित अन्य सुविधाओं के बारे में उपस्थित प्राचार्य से जानकारी ली। कलेक्टर ने विद्यालय भवन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान कुरूद के एसडीएम श्री नभ कुमार कोसले भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने बच्चों को फाईन आर्ट की कला सिखाने के लिए जरूरी इंतजाम, शिक्षक आदि की व्यवस्था करने के निर्देश प्राचार्य को दिए। उन्होंने चित्रकारी की कक्षाएं शुरू करने के लिए जरूरी सामग्री आदि समय पर उपलब्ध कराने का आश्वासन प्रबंधन को दिया। 

 अपने निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रयोगशालाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्राचार्य की मांग पर प्रयोगशाला सामग्रियों के लिए मांगपत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। विद्यालय की प्राचार्य ने विद्यालय भवन में पार्किंग की व्यवस्था और डोम निर्माण की भी मांग रखी। कलेक्टर ने इसके लिए विधिवत् प्रस्ताव तैयार कर प्राक्कलन भेजने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने विद्यालय में पानी की समस्या बताए जाने पर उसके निराकरण के लिए तत्काल योजना बनाने को भी कहा। कलेक्टर ने अपने निरीक्षण के दौरान चल रही परीक्षाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को शांति एवं अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं करने के निर्देश प्राचार्य को दिए। कलेक्टर ने विद्यालय में अध्ययनरत 6 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों के आधार कार्ड अपडेशन के लिए शिविर लगाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

 

 

5.*समाचार*

*सी-मार्ट के उत्पादों की ब्रॉडिंग-मार्केटिंग पर जोर*

 

*कलेक्टर श्री मिश्रा ने किया हाईवे सी-मार्ट का अवलोकन*

 

*महिला समूह से ली जानकारी, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश*

 

धमतरी 10 मार्च 2025/ धमतरी जिले में संचालित सी-मार्ट स्टोरों में उपलब्ध स्थानीय उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रॉंडिंग और मार्केटिंग में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जगी है। इससे सी-मार्ट संचालित करने वाले महिला स्व सहायता समूहों के साथ-साथ स्थानीय उत्पाद बनाने वाले लोगों को भी आगे चलकर अच्छा फायदा हो सकेगा। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित हाईवे सी-मार्ट का आकस्मिक अवलोकन किया। उन्होंने सी-मार्ट को संचालित करने वाली महिलाओं से चर्चा की और उनसे सी-मार्ट संचालन की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने सी-मार्ट में उपलब्ध स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली और उत्पादों को बनाने से लेकर सी-मार्ट तक लाने तक में होने वाले खर्चे और लागत के बारे में भी पूछा। कलेक्टर श्री मिश्रा ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित इस सी-मार्ट को आधुनिक तरीके से संचालित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिले के सभी सी-मार्टों में मिलने वाले उत्पादों की पैकेजिंग आकर्षक तरीके से करने और उनकी ब्रॉडिंग-प्रचार-प्रसार आदि करने पर भी जोर दिया।

 कलेक्टर ने स्थानीय स्तर पर बुनकरों, शिल्पियों, कुम्हारों, महिला स्व सहायता समूहों द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों की मार्केंटिंग पर भी जोर देते हुए इनके बारे में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ उत्पादों के उपयोग और उनसे होने वाले फायदों के बारे में भी लोगों को बताने के निर्देश दिए। सी-मार्ट में प्राकृतिक रूप से वनांचलों के उत्पादों के साथ-साथ मिलेट्स, कोदो-कुटकी, रागी, सांवा आदि की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में सुनिश्चित करने के निर्देश भी कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए। उन्होंने हाईवे पर आने-जाने वाले लोगों को जानकारी देने और लोगों की आवाजाही बढाने़ के लिए सी-मार्ट को दूर से ही प्रदर्शित कर सकने वाले साईन बोर्ड लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

 

6.*समाचार*

*निर्माणाधीन औद्योगिक पार्क पहुंचे कलेक्टर, काम तेज करने दिए निर्देश*

 

*पानी, बिजली और सड़क का काम प्राथमिकता से पूरा करने कहा*

धमतरी 10 मार्च 2025/ कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज सुबह जी-जामगांव में विकसित हो रहे औद्योगिक पार्क क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने इस क्षेत्र में विकसित की जा रही सुविधाओं की जानकारी अधिकारियों से ली। कलेक्टर ने इस औद्योगिक पार्क में चल रहे निर्माण कार्यों को तेज करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने औद्योगिक पार्क में काम करने वाले श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने औद्योगिक पार्क क्षेत्र में सड़क बनाने का काम पूरी गुणवत्ता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सड़क के काम में कोताही बरतने पर कड़ी कार्रवाई और लागत राशि वसूलने की भी सख्त हिदायत दी। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के पास जी-जामगांव में लगभग 10 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर सामान्य औद्योगिक क्षेत्र विकास का कार्य तेजी से किया जा रहा है। राज्य सरकार की औद्योगिक नीति के प्रावधानों के अनुसार इस क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के उद्योगों को स्थापित करने के लिए छूट एवं अनुदान आदि सभी सुविधायें उपलब्ध कराई जाएंगी। औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों को आवश्यकता अनुसार अलग-अलग आकार के 40 भूखण्ड उपलब्ध कराए जाएंगे। 

 कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र में पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने पानी की उपलब्धता और नाली निर्माण का काम तेजी से करने को कहा। कलेक्टर ने परिसर में निर्माणाधीन पानी टंकी के काम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इस काम को भी निर्धारित मापदण्डों के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पूरे परिसर में उद्योगों की जरूरतों के अनुसार बिजली की भी व्यवस्था निर्धारित समयावधि में करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने, स्ट्रीट लाईट आदि के लिए भी अभी से प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। श्री मिश्रा ने औद्योगिक क्षेत्र में भूमि समतलीकरण करते समय पानी निकासी की उचित व्यवस्था पर भी फोकस करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि भूमि समतलीकरण के उपरांत परिसर में कहीं भी जल भराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। समुचित जल निकासी की व्यवस्था से ही औद्योगिक क्षेत्र में विकास के कामों के साथ-साथ उद्योगों की स्थापना के लिए भी माहौल बनेगा।

 

संबंधित पोस्ट

*ग्राम दर्री भूपदेवपुर में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन*

Chunesh Sahu

उद्योगपति क्या जानेंगे किसानों की दु:ख, दर्द और पीड़ा ? कांग्रेस की वापसी होते ही कर्जा माफी पहली प्राथमिकता – नीलकंठ

hindmedianews

वेब न्यूज UNA के संपादक सौरभ नामदेव द्वारा आई टी एक्ट के उल्लंघन  पर कार्यवाही करने हुई शिकायत दर्ज 

hindmedianews

कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एफएलएन समिति की बैठक संपन्न

hindmedianews

लोरमी में गांजा परिवहन करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

Sakshi Bansod

कांटाबहरा की कपूरा मरकाम को स्वास्थ्य विभाग ने बेहतर उपचार के लिए रायपुर के कैंसर वार्ड में कराया भर्ती

Sakshi Bansod